रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत :मुख्यमंत्री ने बनबसा में प्रबुद्धजनों से किया संवाद, विकास कार्यों पर लिए सुझाव
Laxman Singh Bisht
Mon, Aug 31, 2026
मुख्यमंत्री ने बनबसा में प्रबुद्धजनों से किया संवाद, विकास कार्यों पर लिए सुझाव

आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को साकार करने के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’का भी संकल्प होगा सकार: मुख्यमंत्री

प्रबुद्धजनों से संवाद में बोले मुख्यमंत्री—समाज को दिशा देने में प्रबुद्धजनों की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में शुमंगलम होटल में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के उपरांत प्रबुद्धजनों से भेंटवार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत सहित प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।इस अवसर पर बनबसा की महिला ग्राम प्रधान एवं दिव्यांग श्रीमती कमला देवी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आगे आना चाह रही थी उन्हे देखकर मुख्यमंत्री स्वयं अपने स्थान से उठकर उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रबुद्धजन बंशीधर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री द्वारा अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच समय निकालकर संवाद करने के लिए आभार व्यक्त किया।

पूर्व सैनिक श्पुष्कर कापड़ी, पूर्व कैप्टन भानी चंद एवं अर्जुन सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चम्पावत सहित पूरा उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने खेल, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण, साइंस सेंटर, टनकपुर में रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर एवं आईएसबीटी टनकपुर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रबुद्धजनों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं। उनके विचार और चिंतन समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों से मिलने वाली ऊर्जा, सुझाव और आशीर्वाद विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद चम्पावत को आदर्श चम्पावत बनाने का संकल्प लिया गया है और इसी दिशा में पूरे उत्तराखंड को आदर्श उत्तराखंड बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर तीर्थयात्रियों के लिए सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था के साथ ही रोपवे एवं हेलीपैड के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिगत टनकपुर पर्यटन एवं तीर्थाटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में पार्किंग, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान, अत्याधुनिक साइंस सेंटर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड सतत विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य की जीएसडीपी पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है तथा पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर मानसखंड की झांकी को प्रथम स्थान मिलना भी उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गौरव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के प्रबुद्धजनों से मिलने वाला मार्गदर्शन और आशीर्वाद सरकार को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के साथ उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, श्रीमती हेमा जोशी एवं श्रीमती किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री केदार सिंह बृजवाल सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन